इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रुड़की (IIT Roorkee) ने 1 जून को JEE Advanced 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से अपना स्कोरकार्ड और फाइनल आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष लाखों छात्रों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
शुभम कुमार ने हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1
JEE Advanced 2026 में Shubham Kumar ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल की। IIT दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर देशभर में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
लड़कियों में आरोही देशपांडे रहीं टॉपर
गर्ल्स कैटेगरी में Arohi Deshpande ने देशभर में शीर्ष स्थान हासिल किया। दिल्ली जोन से परीक्षा देने वाली आरोही ने 360 में से 280 अंक प्राप्त किए और कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में 77वीं रैंक हासिल की। इससे पहले भी आरोही ने JEE Main 2026 में AIR 99 हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
56,880 छात्रों ने किया परीक्षा क्वालिफाई
इस वर्ष JEE Advanced 2026 के लिए कुल 1,87,389 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,79,694 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया। परिणामों के अनुसार कुल 56,880 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए हैं, जिनमें 46,773 पुरुष अभ्यर्थी और 10,107 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
स्कोरकार्ड और फाइनल आंसर-की जारी
IIT रुड़की ने JEE Advanced 2026 की फाइनल आंसर-की और स्कोरकार्ड भी जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने लॉगिन विवरण की सहायता से परिणाम देख सकते हैं। JEE Advanced में सफल अभ्यर्थी अब देश के प्रतिष्ठित IIT संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली JoSAA काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।