UGC NET जून 2026 से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से शिकायतें मिलने के बाद NTA ने जांच के लिए एक समिति गठित की थी।समिति की जांच में तीनों विषयों के पेपर में तथ्यात्मक, टाइपोग्राफिकल और अनुवाद संबंधी गलतियां सामने आईं। इसके बाद एजेंसी ने इन विषयों के लिए री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया है।
9 और 10 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा
NTA की ओर से तय कार्यक्रम के मुताबिक तीनों विषयों की परीक्षा अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
इंग्लिश: 9 सितंबर, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
कॉमर्स: 9 सितंबर, शिफ्ट-2, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
सोशियोलॉजी: 10 सितंबर, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
इन तीनों विषयों के अभ्यर्थियों से दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।
84 विषयों के रिजल्ट पर नहीं पड़ेगा असर
NTA ने स्पष्ट किया है कि तीन विषयों के री-एग्जाम के कारण अन्य विषयों के परिणाम में देरी नहीं होगी। 84 अन्य विषयों के रिजल्ट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी किए जाएंगे।साथ ही, री-एग्जाम के बाद Assistant Professor और PhD पात्रता के लिए विषयवार सीट आवंटन में पहले से निर्धारित संख्या में कोई कमी नहीं की जाएगी।
तीनों विषयों की आंसर की भी नहीं हुई जारी
इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की प्रोविजनल आंसर-की अब तक जारी नहीं की गई थी। बाकी 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर-की NTA पहले ही जारी कर चुका है।तीनों विषयों के पेपर में सामने आई गलतियों के कारण ही इनकी आंसर-की रोकने और दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है।
जून में हुई थी UGC NET की परीक्षा
UGC NET जून 2026 की परीक्षा 22 जून से 30 जून के बीच आयोजित की गई थी। कॉमर्स की परीक्षा 24 जून, इंग्लिश की 25 जून और सोशियोलॉजी की परीक्षा 30 जून को हुई थी।NTA ने 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर अभ्यर्थियों को 18 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया है।