नई दिल्ली - बिहार और यूपी के साथ ही पूरे भारत में छठ महापर्व की धूम देखने को मिल रहीं है। इसी बीच एक विवाद भी महाराष्ट्र से सामने आया है। दरअसल, छठ महापर्व को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे द्वारा भारतीय जनता पार्टी पर छठ पूजा का राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाए जाने के बाद कांग्रेस के नेताओं ने इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है।
छठ पूजा एक बहुत ही पवित्र त्योहार है - तिवारी
चंडीगढ़ में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने राज ठाकरे के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छठ पूजा एक बहुत ही पवित्र त्योहार है। लोग इसे पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाते हैं। कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता ने पत्रकारों से बात करते हुए इस विवाद पर कहा कि, किसी भी धार्मिक त्योहार का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। इसके साथ ही मनीष तिवारी ने अपने बयान में आगे यह भी कहा कि, सभी त्योहारों को श्रद्धा, समर्पण और विनम्रता की भावना के साथ मनाया जाना चाहिए। त्योहार लोगों की आस्था से जुड़े होते हैं, इसलिए इन्हें राजनीतिक बहस का विषय बनाना उचित नहीं है।
प्रियंका कक्कड़ ने साधा बीजेपी पर निशाना
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा ही धर्म, त्योहारों और लोगों की आस्था को राजनीतिक मुद्दा बनाया है और वोटों के लिए इसका इस्तेमाल किया है। कक्कड़ ने सवाल उठाते हुए कहा कि, क्या कोई सच्ची सनातनी सरकार चंदे की चोरी कर सकती है? क्या वह चंदा चोरों को बचा सकती है?
जनता भाजपा के बहकावे में न - कांग्रेस
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी अपने नेताओं के लिए नकली घाट बनवा रही है, जबकि वजीराबाद के घाट में हड्डियां पड़ी हुई थीं, मल-मूत्र था, यमुना से गंदी बदबू आ रही थी और मरी हुई मछलियां तैर रही थीं।कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीति करती है, उसे लोगों की जान और आस्था की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने अपने बयान में आगे लोगों से भाजपा के बहकावे में न आने की अपील की।
गंदा पानी यमुना में छोड़ा जा रहा है - कक्कड़
वहीं पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कांग्रेस नेत्री ने कहा कि, मनोज तिवारी साफ पानी में तैरते हैं, लेकिन पूरा गंदा पानी यमुना में छोड़ा जा रहा है। प्रियंका कक्कड़ ने यमुना की सफाई के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में करीब 650 एमजीडी पानी ट्रीट किया जा सकता था और आज 15 साल बाद भी उतनी ही क्षमता है। लगभग 75 प्रतिशत एसटीपी बंद पड़े हैं। भाजपा ने कोई ठोस काम नहीं किया, बल्कि लोगों को भड़काने और उनकी आस्था से खेलने का काम किया है।
हमारा छठ पूजा से कोई विरोध नहीं है
इनके अलावा मुंबई में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने भी छठ पूजा विवाद पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में छठ पूजा नहीं की जाती है, यह बिहार और उत्तर प्रदेश का पर्व है। हमारा छठ पूजा से कोई विरोध नहीं है, लेकिन यहां इसका इतना बैंड-बाजा बजाने की जरूरत नहीं है। हुसैन दलवई ने कहा कि बिहार और यूपी के लोगों को संगठित करने के लिए धार्मिक मुद्दा उठाना गलत है। हर धर्म आजकल सड़क पर आ गया है, जिसका वे विरोध करते हैं।
उन्होंने कहा कि गरीबों के मुद्दों पर ठीक ढंग से काम करने के बजाय उन्हें धर्म में खींचना और उनकी याददाश्त खत्म करना बिल्कुल गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह धर्म के खिलाफ नहीं हैं। जिसे जो धर्म मानना है, वह माने। लेकिन धर्म घर में रहना चाहिए, मस्जिद और मंदिर में रहना चाहिए। धर्म को सड़क पर नहीं लाना चाहिए।