नई दिल्ली | हर साल 14 नवंबर को देशभर में बाल दिवस यानी चिल्ड्रन्स डे मनाया जाता है। स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, शिक्षकों की विशेष प्रस्तुतियां और बच्चों के लिए कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इस दिन बच्चों को चॉकलेट और टॉफियां बांटकर खुशियां मनाई जाती हैं। बाल दिवस के मौके पर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को भी याद किया जाता है, जिन्हें बच्चे प्यार से 'चाचा नेहरू' कहते थे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में बाल दिवस मनाने की तारीख हमेशा 14 नवंबर नहीं थी? इसके पीछे पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति स्नेह और उनके निधन के बाद लिया गया एक महत्वपूर्ण निर्णय जुड़ा है।
पहले 20 नवंबर को मनाया जाता था बाल दिवस
दुनिया के कई देशों में 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस यानी Universal Children's Day मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1954 में Universal Children's Day मनाने की सिफारिश की थी। इसका उद्देश्य बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। भारत में भी पहले 20 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता था। हालांकि, साल 1964 में पंडित जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद भारत में बाल दिवस की तारीख बदल दी गई।
क्यों चुनी गई 14 नवंबर की तारीख?
पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को हुआ था। 27 मई 1964 को उनके निधन के बाद उनके बच्चों के प्रति प्रेम और योगदान को सम्मान देने के लिए उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद से हर साल 14 नवंबर को भारत में बाल दिवस मनाया जाने लगा। इस दिन को चाचा नेहरू की याद और बच्चों के प्रति उनके स्नेह के प्रतीक के तौर पर देखा जाता है।
बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय थे चाचा नेहरू
पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों को देश का भविष्य मानते थे। प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहने के बावजूद बच्चों के साथ उनका व्यवहार बेहद सहज और आत्मीय रहता था। बच्चे भी उन्हें अपने करीब महसूस करते थे। यही वजह है कि उन्हें प्यार से 'चाचा नेहरू' कहा जाने लगा। उनका मानना था कि बच्चों को अच्छी शिक्षा, बेहतर अवसर और सुरक्षित वातावरण देना देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी है।
बाल दिवस सिर्फ उत्सव नहीं, बच्चों के अधिकारों की याद भी
आज बाल दिवस केवल स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करने और बच्चों को उपहार देने तक सीमित नहीं है। यह दिन समाज को बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसरों के प्रति अपनी जिम्मेदारी याद दिलाता है। बाल मजदूरी, कुपोषण, बाल शोषण और शिक्षा से वंचित बच्चों जैसी चुनौतियां आज भी मौजूद हैं। ऐसे में बाल दिवस का महत्व और बढ़ जाता है। चाचा नेहरू के सपनों का भारत बनाने के लिए जरूरी है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित बचपन और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। यही बाल दिवस का सबसे बड़ा संदेश है।