भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार में मंत्रियों के स्टाफ की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के OSD दीपम रायचुरा को हटाए जाने के बाद अब परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भी अपने OSD वीरेंद्र तिवारी को हटा दिया है। वीरेंद्र तिवारी की पदस्थापना और सेवाएं वापस होने के बाद भी मंत्री के साथ काम देखने को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। हालांकि, तिवारी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
डिप्टी सीएम के बाद परिवहन मंत्री ने लिया फैसला
मध्यप्रदेश में मंत्रियों के स्टाफ को लेकर विवाद लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अपने विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) वीरेंद्र तिवारी को हटा दिया है। इससे पहले उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी विवादों में घिरे अपने OSD दीपम रायचुरा को पद से हटा दिया था। वहीं, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना के स्टाफ पर भी विवादों के बाद कार्रवाई हो चुकी है।
कृषि मंत्री के स्टाफ का लेन-देन वीडियो हुआ था वायरल
मंत्रियों के स्टाफ को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। तबादलों से प्रतिबंध हटने के बाद मंत्रियों के कार्यालयों में पदस्थ कर्मचारियों की सक्रियता बढ़ गई थी। इसी दौरान कृषि मंत्री के OSD अशोक कुमार बाथम, निज सहायक दिनेश भकोरिया और स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया का तबादले के लिए पैसे के लेन-देन से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने तीनों कर्मचारियों को हटाकर निलंबित कर दिया था।
शराब दुकानों के ठेके में सामने आया था रायचुरा का नाम
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के OSD दीपम रायचुरा की भूमिका वर्ष 2024-25 में भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र की दो शराब दुकानों के ठेके को लेकर सामने आई थी। मामले के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था और विभागीय जांच भी शुरू की गई थी।
सेवाएं लौटने के बाद भी काम देखने का आरोप
परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के OSD रहे वीरेंद्र तिवारी का मामला भी पदस्थापना को लेकर शिकायतों के बाद सामने आया। तिवारी मूल रूप से नगरीय विकास एवं आवास विभाग में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उन्हें मंत्री स्टाफ में पदस्थ करने के लिए पहले राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था। उन्होंने 15 मार्च 2024 को बोर्ड में अनुभाग अधिकारी के रूप में पदभार संभाला। इसी दिन उन्हें मंत्री का OSD बनाकर संलग्न कर दिया गया। करीब दो महीने पहले पदोन्नति होने के बाद उनकी सेवाएं मूल विभाग में वापस लौटा दी गई थीं। हालांकि, आरोप है कि सेवाएं वापस होने के बावजूद वह पहले की तरह मंत्री के कामकाज को देख रहे थे।
वीरेंद्र तिवारी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
अपने ऊपर लगे आरोपों पर वीरेंद्र तिवारी ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह मंत्री उदय प्रताप सिंह के साथ काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। इस घटनाक्रम के बाद मध्यप्रदेश सरकार में मंत्रियों के स्टाफ की नियुक्ति, प्रतिनियुक्ति और कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।