भोपाल | मध्य प्रदेश में पिछले छह महीनों के दौरान मतदाताओं की संख्या में करीब 8.19 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे पहले प्रदेश में 5.39 करोड़ मतदाता थे। गुरुवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SIR-2027) के तहत प्रारूप फोटो निर्वाचक नामावली प्रकाशित होने के बाद मतदाताओं की नई संख्या सामने आई।
नई मतदाता सूची में बढ़ोतरी पर राजनीतिक दलों ने उठाए सवाल
चुनाव आयोग की बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाताओं की संख्या में हुई इस बढ़ोतरी पर सवाल उठाए। दलों ने आयोग से पूछा कि नए जुड़े मतदाताओं में 19 वर्ष की आयु वाले कितने हैं। इसके अलावा राजनीतिक दलों ने अनुपस्थित मतदाताओं और एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हुए मतदाताओं की संख्या का भी ब्योरा मांगा।
12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियों का मौका
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने या किसी जानकारी में संशोधन कराने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस अवधि में मतदाता सूची से संबंधित त्रुटियों को ठीक कराने का मौका मिलेगा। इसके बाद निर्वाचन आयोग निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगा।