लखनऊ | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय में प्रदेश की सभी 86 आरक्षित विधानसभा सीटों की चुनावी समीक्षा करेंगे। इस अहम बैठक में इन सीटों के सपा विधानसभा अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में मिशन-2027 की तैयारियों के साथ संगठन की जमीनी स्थिति और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी का फोकस आरक्षित सीटों पर संगठन को मजबूत करने और चुनाव से पहले तैयारियों का आकलन करने पर रहेगा।
बूथ मैनेजमेंट और दलित मतदाताओं पर रहेगा फोकस
बैठक में बूथ मैनेजमेंट, दलित मतदाताओं तक पहुंच और संगठन की मजबूती जैसे मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। इसके अलावा सभी 86 आरक्षित विधानसभा सीटों पर पार्टी की मौजूदा स्थिति और जमीनी स्तर पर चल रही चुनावी तैयारियों की समीक्षा होगी। सपा नेतृत्व विधानसभा अध्यक्षों से सीटवार संगठनात्मक स्थिति और चुनावी तैयारियों की जानकारी लेगा।
बैठक के बाद दोपहर 1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस
चुनावी समीक्षा बैठक के बाद अखिलेश यादव दोपहर 1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वह बैठक और पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति को लेकर मीडिया के सामने अपनी बात रख सकते हैं।