ग्वालियर | मध्य प्रदेश में वोट चोरी और एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। आगामी 25 नवंबर को ग्वालियर में प्रदेशभर के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटेंगे। यहां से मध्य प्रदेश कांग्रेस दिल्ली कूच करेगी। इस आंदोलन में एक लाख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस आंदोलन की कमान संभाल ली है। पार्टी की ओर से आंदोलन को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
14 से 17 नवंबर तक होंगी जोनवार बैठकें
आंदोलन की तैयारियों को लेकर कांग्रेस 14 से 17 नवंबर तक जोनवार बैठकें आयोजित करेगी। इन बैठकों में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के नेताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। पार्टी का लक्ष्य 25 नवंबर को ग्वालियर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाकर अपनी ताकत दिखाना है।
मध्य प्रदेश के लिए AICC ने नियुक्त किए 10 प्रभारी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने मध्य प्रदेश में आंदोलन की तैयारियों के लिए 10 प्रभारी नियुक्त किए हैं। ये सभी प्रभारी 13 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी 10 प्रभारी बनाए हैं। ये प्रभारी आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटेंगे।
जीतू पटवारी संभाल रहे आंदोलन की कमान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में पार्टी इस आंदोलन को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस का कार्यक्रम ग्वालियर से दिल्ली तक कूच करने का है। पार्टी ने इसमें एक लाख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।