नई दिल्ली | दिल्ली में 15 और 16 नवंबर को होने वाली छठ पूजा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। छठ पूजा के दौरान शाहदरा और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि कुछ रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट जारी कर लोगों को यातायात व्यवस्था की जानकारी दी है। साथ ही यात्रियों से प्रभावित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
इन रास्तों पर जाने से बचें वाहन चालक
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, छठ पूजा के दौरान यात्रियों को निम्नलिखित रास्तों से बचने की सलाह दी गई है:
- शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और इसके विपरीत पुस्ता रोड।
- नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स तक का मार्ग।
- शांति वन से श्मशान घाट तक का रास्ता।
- इन इलाकों में छठ पूजा के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताए वैकल्पिक रास्ते
उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वहीं, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार की ओर जाने वाले वाहन चालक खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड, सभापुर गांव और सोनिया विहार चौहान पट्टी होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
छठ पूजा के लिए इन जगहों पर होगी पार्किंग
छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था बताई है।
प्रमुख पार्किंग स्थल:
- DND के पास यमुना खादर।
- DDA का खुला मैदान।
- I.P. एक्सटेंशन में वेस्ट विनोद नगर का खुला मैदान।
- खजूरी मेट्रो स्टेशन के बगल की जगह।
- नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग।
- यमुना नदी के किनारे खाली जमीन।
- पुराने लोहे के पुल के पास गौशाला के निकट खुला मैदान।
- नंद नगरी के B1 और B2 ब्लॉक में छठ पार्क।
- मंडोली टीला स्थित छठ घाट।
- पुस्ता रोड पर NHAI पार्किंग।
- साईं भवन के पास MCD पार्किंग।
ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले प्रभावित मार्गों की जानकारी लें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। छठ पूजा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।