लखनऊ | उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर भाजपा आज प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित कर रही है। यह बैठक सुबह 10 बजे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।
सभी जिलों के अध्यक्ष और विधानसभा मतदाता सूची प्रमुख होंगे शामिल
कार्यशाला में प्रदेश के सभी जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और विधानसभा स्तर के मतदाता सूची प्रमुखों को बुलाया गया है। इसके अलावा जिला एवं विधानसभा स्तर के मतदाता सूची प्रमुखों और आईटी संयोजकों की भी भागीदारी रहेगी। काशी समेत सभी संगठनात्मक क्षेत्रों के पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।
SIR अभियान की प्रदेशव्यापी रणनीति पर होगा मंथन
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रदेशव्यापी रणनीति तैयार की जाएगी। मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और गलत प्रविष्टियों में सुधार कराने पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और मतदाता सूची पुनरीक्षण में संगठन की भूमिका को लेकर भी चर्चा होगी।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की अहम बैठक
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा की इस कार्यशाला को संगठनात्मक रूप से अहम माना जा रहा है। मतदाता सूची की शुद्धता और बूथ प्रबंधन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पार्टी प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक समन्वय स्थापित करने की तैयारी में है।