लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रदेश के तीन जिलों के दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम में कार्तिक पूर्णिमा मेले का निरीक्षण, तिगरी मेले को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक, मेरठ में मेगा पूर्व सैनिक रैली और अलीगढ़ में एक निजी समारोह में शामिल होना शामिल है। इसके बाद मुख्यमंत्री आगरा के लिए रवाना होंगे।
सुबह 10:35 बजे कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल पहुंचेंगे CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:35 बजे कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल पहुंचेंगे। यहां वे मेले की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके बाद तिगरी मेले के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे।
मेरठ में मेगा पूर्व सैनिक रैली में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री सुबह 11:50 बजे मेरठ के लिए रवाना होंगे। यहां कैंट क्षेत्र में आयोजित मेगा पूर्व सैनिक रैली में शामिल होंगे। रैली के बाद मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) पहुंचेंगे। इसके बाद वे प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर के आवास पर भी जाएंगे।
अलीगढ़ में संदीप सिंह के सगाई समारोह में शामिल होंगे
मुख्यमंत्री दोपहर 2:55 बजे अलीगढ़ के तालानगरी पहुंचेंगे। यहां राज्य मंत्री संदीप सिंह के सगाई समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:35 बजे आगरा के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर संबंधित जिलों में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं।