भोपाल | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर और बेंगलुरु के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद जबलपुर में स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह और जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर में मुख्यमंत्री बेंगलुरु रवाना होंगे, जहां स्वामी विवेकानंद योगा विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में शिरकत करेंगे।
जबलपुर में बिरसा मुंडा प्रतिमा पर करेंगे माल्यार्पण
मुख्यमंत्री सुबह भोपाल के स्टेट हैंगर से वायुयान द्वारा जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे आधारताल स्थित बिरसा मुंडा चौक जाएंगे और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मानस भवन में आयोजित स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
गैरीसन ग्राउंड में जनजातीय गौरव सप्ताह का राज्य स्तरीय कार्यक्रम
जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव को समर्पित रहेगा।
बेंगलुरु में योग विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे शामिल
जबलपुर के कार्यक्रम पूरे करने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर में बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे। वहां वे स्वामी विवेकानंद योगा विश्वविद्यालय के प्रशांति कुटीरम परिसर में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री देर रात भोपाल लौटेंगे और यहां एक स्थानीय निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।