लखनऊ: छठ महापर्व को लेकर उत्तरप्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम अपने सरकारी आवास पर प्रदेश के जिलाधिकारियों (DM), SSP, मंडलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षकों और पुलिस कमिश्नरों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। सीएम ने निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। वहीं, दिल्ली से पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने और यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक वसूली करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
छठ पूजा के लिए घाटों पर होंगी विशेष व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है। वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, चंदौली, भदोही, खीरी, गाजीपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, बस्ती और कानपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लाखों श्रद्धालु पूजा में शामिल होंगे।उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। प्रमुख घाटों और पूजा स्थलों का पहले से निरीक्षण करने के साथ नदियों, तालाबों और जलाशयों की साफ-सफाई कराने को कहा गया है।घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और संपर्क मार्गों को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
15 नवंबर को डूबते और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य
छठ महापर्व के दौरान 15 नवंबर को शाम के समय अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाएं अपना व्रत पूरा करेंगी।इन दोनों दिनों में घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
घाटों पर गोताखोर, नाव और जल पुलिस की तैनाती
सीएम योगी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि घाटों पर जलस्तर और पानी की गहराई का आंकलन कर संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया जाए।
संवेदनशील स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए
खतरनाक जगहों पर चेतावनी संकेतक लगाए जाएं
पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोर और नावें तैनात हों
प्रमुख घाटों पर जल पुलिस की व्यवस्था की जाए।
CCTV कैमरों से घाटों की लगातार निगरानी हो।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं दी जाएं।
किसी भी श्रद्धालु को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।
दिल्ली से पूर्वांचल के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें
छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में लोग दिल्ली और अन्य शहरों से अपने घर लौटते हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सड़क परिवहन निगम को दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए हैं।सीएम ने साफ कहा कि किसी भी यात्री से निर्धारित किराए से अधिक वसूली नहीं होनी चाहिए। अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक जाम रोकने के लिए बनेगी विशेष योजना
छठ पूजा के दौरान घाटों और प्रमुख रास्तों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। साथ ही वाहनों के लिए पहले से पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएंगे।पुलिस और प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय से भीड़ को नियंत्रित करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा स्थलों तक पहुंचने में परेशानी न हो।
घाटों पर सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश
मुख्यमंत्री ने नगर विकास, पंचायती राज और संबंधित विभागों को मिलकर घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। घाटों पर पर्याप्त रोशनी के साथ वैकल्पिक प्रकाश स्रोत भी उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी परिस्थिति में अंधेरा न हो।इसके अलावा आतिशबाजी से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने, पशुओं का आवागमन नियंत्रित करने और अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एंबुलेंस और मेडिकल टीम रहेगी तैनात
छठ पूजा के प्रमुख स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।सीएम योगी ने स्थानीय आयोजकों और पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं घाटों का निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सिविल डिफेंस, NCC और NSS के स्वयंसेवकों का सहयोग भी लिया जाएगा।