रायपुर | छत्तीसगढ़ के सरकारी और अन्य स्कूलों में विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत जिन बच्चों का अभी तक आधार पंजीयन नहीं हुआ है, उनका नया पंजीयन किया जाएगा। वहीं, निर्धारित उम्र पूरी करने वाले विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट भी कराया जाएगा।
5 और 15 साल की उम्र पर होगा बायोमेट्रिक अपडेट
अभियान के तहत 5 और 15 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाएगा। इसके अलावा आधार कार्ड से वंचित विद्यार्थियों का नया पंजीयन भी किया जाएगा, ताकि सभी बच्चों के आधार संबंधी रिकॉर्ड पूरे हो सकें।
कलेक्टर करेंगे आधार कैंप की निगरानी
सभी जिलों में कलेक्टरों को आधार कैंप की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर अभियान की व्यवस्था और प्रगति पर नजर रखी जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को समय पर सुविधा मिल सके।
दूरस्थ गांवों तक पहुंचेंगे शिविर
विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों को आधार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दूरस्थ गांवों में भी शिविर लगाए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूल में ही आधार पंजीयन और अपडेट की सुविधा देना है, ताकि उन्हें इसके लिए अलग से केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें।