भोपाल: मध्यप्रदेश में दूध के दाम बढ़ने का सिलसिला जारी है। सांची और अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी प्रदेश में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। अलग-अलग वैरिएंट के हिसाब से दूध के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए गए हैं। नई कीमतें 14 नवंबर से लागू हो गई हैं। इससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
सांची और अमूल के बाद मदर डेयरी ने बढ़ाए दाम
मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से दूध की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सबसे पहले 12 नवंबर को अमूल ने दूध के रेट बढ़ाए थे। इसके बाद 14 नवंबर को सांची ने भी कीमतों में इजाफा किया। अब मदर डेयरी ने भी अपने सभी वैरिएंट के दाम बढ़ा दिए हैं।मदर डेयरी के अलग-अलग पैक और वैरिएंट में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें प्रदेश में लागू कर दी गई हैं।
दिल्ली में 11 नवंबर को बढ़े थे रेट
मदर डेयरी ने सबसे पहले 11 नवंबर को नई दिल्ली में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। हालांकि, मध्यप्रदेश में तत्काल नए रेट लागू नहीं किए गए थे।स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के मुताबिक, मध्यप्रदेश में मदर डेयरी के दाम आमतौर पर सांची और स्थानीय दूध संघों की कीमतों में बदलाव के बाद संशोधित किए जाते हैं। अमूल और सांची के रेट बढ़ने के बाद मदर डेयरी ने भी प्रदेश में नई कीमतें लागू कर दीं।
प्रदेश में रोजाना 1.5 लाख लीटर दूध की सप्लाई
मध्यप्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब 1.5 लाख लीटर है। राजधानी भोपाल में ही प्रतिदिन लगभग 25 हजार लीटर मदर डेयरी दूध की खपत होती है।इसके अलावा कंपनी का दूध मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर सहित कई शहरों में सप्लाई किया जाता है।
लगातार बढ़ रहे दूध के दाम से बढ़ेगा घरेलू बजट
मध्यप्रदेश में सांची, अमूल और मदर डेयरी के दामों में बढ़ोतरी के बाद दूध खरीदना अब उपभोक्ताओं के लिए महंगा हो गया है। खासकर रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों के मासिक बजट पर इसका असर पड़ सकता है।