मौसिकी की दुनिया में जिनकी तबले की आवाज ने एक बहुत खास पहचान बनाई, वो उस्ताद जाकिर हुसैन अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में अंतिम सांस ली। उस्ताद जाकिर हुसैन को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी तबियत गंभीर थी और उन्हें ब्लड प्रेशर की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा फेफड़ों में फाइब्रोसिस भी उनकी गंभीर हालत की बड़ी वजह थी।
रविशंकर जैसे दिग्गजों के साथ किया काम
9 मार्च 1951 को मुंबई में जन्मे जाकिर हुसैन मशहूर तबला वादक उस्ताद अल्ला रक्खा के यहां पैदा हुए थे। छोटी उम्र से ही उन्होंने तबला के प्रति एक उल्लेखनीय लगाव दिखाया, और अपनी असाधारण प्रतिभा के लिए जल्दी ही पहचान हासिल कर ली। अपने पूरे करियर के दौरान उस्ताद जाकिर हुसैन ने पारंपरिक भारतीय और वैश्विक संगीत दोनों ही क्षेत्रों में कुछ सबसे प्रतिष्ठित नामों के साथ काम किया। उन्होंने पंडित रविशंकर और उस्ताद विलायत खान जैसे दिग्गजों के साथ काम किया।
संगीत में योगदान और सम्मान
जाकिर हुसैन ने अपनी अद्वितीय तबला वादन शैली के जरिए न सिर्फ भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। अपने पिता और महान तबला वादक अल्लाह रक्खा से प्रेरणा लेकर उन्होंने उनके मार्ग पर चलते हुए संगीत की दुनिया में अपार सफलता हासिल की। उनकी कला और योगदान को देखते हुए उन्हें भारत सरकार द्वारा 1988 में पद्म श्री, 2002 में पद्म भूषण और 2023 में पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।
पांच ग्रैमी पुरस्कार जीते
अपने संगीत के सफर में जाकिर हुसैन ने पांच ग्रैमी पुरस्कार जीते। इनमें से तीन पुरस्कार उन्हें 2024 में 66वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में मिले, जो उनके संगीत के प्रति समर्पण और वैश्विक पहचान का प्रमाण हैं। इसके अलावा उन्होंने 12 फिल्मों में संगीत रचना और प्रदर्शन भी किया, जिससे उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश किया और उसे एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया।
जाकिर हुसैन की नेटवर्थ
नेट वर्थ की बात करें तो मशहूर तबला वादक के बारे में आधिकारिक रूप से कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। हालांकि अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर दी गई जानकारी के मुताबिक उनकी संपत्ति करीब 8-10 करोड़ रुपये के बीच है। indiaforum के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति लगभग 5-6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एक कॉन्सर्ट में वो करीब 5 से 10 लाख रुपये तक फीस लेते थे।
Comments (0)