प्रণব मुखर्जी ने पहले ही दे दी थी TMC छोड़ने की सलाह
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का नाम चर्चा में आ गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को एक राष्ट्रीय मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में बातचीत के दौरान खुलासा किया कि प्रणब मुखर्जी ने उन्हें ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस छोड़ने की सलाह दी थी। शुभेंदु ने प्रणब मुखर्जी को अपने राजनीतिक जीवन का सबसे बड़ा सलाहकार और अभिभावक बताया।
TMC को बताया 'सिंगल वुमन पार्टी', कंपनी से की तुलना
ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी को 'सिंगल वुमन पार्टी' और 'बुआ-भतीजा पार्टी' बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एक कंपनी की तरह चलती थी, जहां चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर की व्यवस्था थी। शुभेंदु ने कहा कि वह भी इस व्यवस्था का हिस्सा थे, लेकिन कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहते थे, इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।
रायसीना हिल्स में प्रणब मुखर्जी ने दी थी बड़ी सलाह
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि जब प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति बन चुके थे, तब वह उनसे मिलने रायसीना हिल्स गए थे। उस मुलाकात के दौरान प्रणब मुखर्जी ने उनसे उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सोचने की सलाह दी थी। शुभेंदु के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि अगर कर्मचारी बनकर रहना है तो वहीं रहो, लेकिन अगर अपने दम पर आगे बढ़ना चाहते हो तो नरेंद्र मोदी के साथ जाओ।
'अपने दम पर आगे बढ़ना है तो मोदी के साथ जाओ'
मुख्यमंत्री ने प्रणब मुखर्जी की सलाह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें दो रास्ते बताए थे। पहला, तृणमूल कांग्रेस में रहकर कर्मचारी की तरह काम करना और दूसरा, अपनी क्षमता के दम पर आगे बढ़ने के लिए नरेंद्र मोदी के साथ जाना। शुभेंदु के अनुसार, प्रणब मुखर्जी की इस सलाह ने उनके राजनीतिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रणब मुखर्जी को बताया राजनीतिक गुरु और अभिभावक
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं हैं, इसलिए वह इस विषय पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते। उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी सिर्फ उनके राजनीतिक सलाहकार ही नहीं, बल्कि अभिभावक भी थे। उन्होंने आगे कहा कि प्रणब मुखर्जी ने उन्हें समझाया था कि तृणमूल कांग्रेस में बाकी लोग केवल कर्मचारी और 'लैम्पपोस्ट' की तरह हैं।