बालाघाट। बालाघाट जिले में फूड पॉइजनिंग का गंभीर मामला सामने आया है। किरनापुर थाना क्षेत्र के हिर्री गांव में शनिवार शाम आयोजित मड़ई (मेले) में चाउमीन और मंचूरियन खाने के बाद 108 लोग बीमार पड़ गए। सभी को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें 45 बच्चे और 12 वयस्कों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि 51 मरीजों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
मेले में चाउमीन-मंचूरियन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, हिर्री गांव में शनिवार शाम मड़ई मेले का आयोजन किया गया था। मेले में चाउमीन और मंचूरियन खाने के बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते 108 लोग पेट दर्द और उल्टी की समस्या से परेशान हो गए।सभी बीमार लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद 45 बच्चों और 12 वयस्कों को बेहतर इलाज के लिए बालाघाट जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने बताया कि जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की स्थिति अब सामान्य है।उन्होंने बताया कि सभी मरीज फिलहाल खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
कलेक्टर और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना मरीजों का हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह कलेक्टर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के वार्ड में भर्ती बीमार बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेले में लगे संबंधित फूड स्टॉल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उनके बाद एसपी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों से बातचीत की।
फूड स्टॉल के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
मेले में खाद्य सामग्री खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की घटना ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने संबंधित फूड स्टॉल के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।