भोपाल- राजधानी भोपाल में सोमवार शाम मानसून ने जोरदार दस्तक दी। शाम करीब 6:30 बजे से 8:30 बजे के बीच हुई तेज बारिश ने शहर के कई इलाकों को पानी-पानी कर दिया। महज दो घंटे में एयरपोर्ट ऑब्जर्वेटरी में 25 मिमी (करीब 1 इंच) और अरेरा हिल्स ऑब्जर्वेटरी में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। देर रात 1:30 बजे तक रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा।
तेज बारिश से तापमान में आई बड़ी गिरावट
बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। शाम 5:30 बजे 33 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान रात 8:30 बजे तक घटकर करीब 25 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बारिश का असर पूरे जिले में एक समान नहीं रहा। नवीबाग में 40 मिमी और बैरसिया में 37.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि शहर के कुछ हिस्सों में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई।
अगले 2-3 दिन भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक भोपाल समेत आसपास के जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 57 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
पार्वती नदी उफनाई, बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग पर आवागमन बंद
लगातार बारिश के कारण पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग का अस्थायी वैकल्पिक रास्ता भी पानी में डूब गया। प्रशासन ने एहतियातन दोपहिया, चारपहिया, भारी वाहनों और पैदल आवाजाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। पुराना पुल पहले से ही बंद है। मौके पर बैरिकेडिंग कर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है।
बाढ़ से निपटने के लिए मॉक ड्रिल
संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को बड़ी झील के खानूगांव क्षेत्र में सेना, होमगार्ड और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की। अभ्यास के दौरान ड्रोन की मदद से लाइफ जैकेट पहुंचाने और नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रदर्शन किया गया।