भोपाल। भोपाल नगर निगम मुख्यालय में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब महापौर मालती राय की अटैच्ड कार में आग लगाने की कोशिश की गई। आरोप है कि एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी ने पार्किंग में खड़ी कार की छत पर कागजों से भरी पॉलीथिन रखकर उसमें आग लगा दी। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने समय रहते आग बुझा दी, जिससे कार को गंभीर नुकसान होने से बचा लिया गया।
नियमितीकरण की मांग को लेकर निगम पहुंचा था कर्मचारी
घटना करीब पौने 3 बजे की बताई जा रही है। उस समय महापौर मालती राय निगम मुख्यालय की पहली मंजिल स्थित अपने कार्यालय में मौजूद थीं। इसी दौरान दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी सुनील रैकवार निगम परिसर पहुंचा और कर्मचारियों के नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगा। सुनील रैकवार को सम्राट अशोक कर्मचारी संगठन का अध्यक्ष भी बताया जा रहा है। विरोध के दौरान उसने मंत्री और महापौर के खिलाफ नारेबाजी भी की।
कार की छत पर पॉलीथिन रखकर लगाई आग
जानकारी के मुताबिक, कर्मचारी ने कागजों से भरी पॉलीथिन महापौर की अटैच्ड कार की छत पर रखी और उसमें आग लगा दी। आग लगते ही पॉलीथिन तेजी से जलने लगी। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। आग बुझाने की कोशिश में एक कर्मचारी के हाथ भी झुलस गए। घटना के बाद महापौर की कार को पार्किंग की निर्धारित जगह से हटाकर दूसरी जगह खड़ा कर दिया गया।
कर्मचारियों की ये हैं प्रमुख मांगें
विरोध कर रहे कर्मचारियों की ओर से नियमितीकरण समेत कई मांगें रखी गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से:
* 29 दिवस वाले कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग।
* कर्मचारियों को शासन के अन्य कर्मचारियों की तरह आठवां वेतनमान देने की मांग।
* सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन का लाभ देने की मांग।
* नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों से दलालों को दूर करने की मांग।
आग बुझाने में कर्मचारी के हाथ झुलसे
कार की छत पर आग लगी देखकर निगम का एक कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचा और आग बुझाने लगा। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कार को गंभीर नुकसान होने से बचा लिया गया। हालांकि, आग बुझाने के दौरान कर्मचारी के हाथ झुलस गए।
कर्मचारी के हाथ में लगी थी सिरिंज
घटना के दौरान सुनील रैकवार के एक हाथ में सिरिंज लगी हुई भी दिखाई दी। इससे संभावना जताई जा रही है कि वह इलाज कराने के बाद सीधे निगम मुख्यालय पहुंचा था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि सामने नहीं आई है।
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
घटना के बाद निगम परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई। जानकारी के अनुसार महापौर मालती राय ने भी CCTV फुटेज देखे। फुटेज में घटना कैद होने की बात सामने आई है। घटना के बाद संबंधित कर्मचारी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मामले में पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारण और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।