भोपाल। राजधानी भोपाल में जुलाई के मध्य से प्रधानमंत्री ई-बस सेवा (PM e-Bus Service) की शुरुआत होने जा रही है। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ये इलेक्ट्रिक बसें यात्रियों को मेट्रो ट्रेन जैसी स्मार्ट और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देंगी। शहर में ई-बस डिपो का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और संचालन के लिए 10 रूट निर्धारित किए गए हैं।
पहले चरण में 65 ई-बसें, चुनिंदा रूटों पर शुरू होगा संचालन
पहले चरण में भोपाल को 65 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। इन्हें 20-20 बसों के बैच में चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा। शुरुआत में करीब 20 बसों का संचालन चयनित रूटों पर किया जाएगा। मंडीदीप और रातीबड़ जैसे औद्योगिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जहां यात्रियों की संख्या अधिक रहती है।
फिलहाल पुराने किराए पर ही चलेगी सेवा
नई ई-बसों के किराए को लेकर अंतिम मंजूरी अभी नहीं मिली है। परिवहन आयुक्त से किराया सूची का अनुमोदन लंबित है। तब तक यात्रियों से मौजूदा बसों के समान किराया लिया जाएगा। फिलहाल 1.5 किलोमीटर की यात्रा का न्यूनतम किराया 2 रुपये रहेगा।
एक बार चार्ज होने पर 200 किलोमीटर तक चलेगी बस
25 सीटों वाली प्रत्येक ई-बस में करीब 45 से 50 यात्री सफर कर सकेंगे, जिनमें लगभग 25 यात्रियों के खड़े होकर यात्रा करने की क्षमता होगी। बसें एक बार चार्ज होने पर लगभग 200 किलोमीटर तक चल सकेंगी। प्रत्येक सीट पर मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
सुरक्षा के लिए पांच सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बस में कुल पांच सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें ड्राइवर के सामने, बस के अंदर आगे और पीछे तथा दोनों प्रवेश द्वारों के बाहर कैमरे लगाए जाएंगे। इन सभी कैमरों की निगरानी बीसीएलएल (BCLL) के कंट्रोल कमांड सेंटर से की जाएगी।
इसके अलावा हर दो सीटों के बीच पैनिक बटन लगाया गया है, जो ऑटोमोटिव इंडस्ट्री स्टैंडर्ड-140 जीपीएस सिस्टम से जुड़ा होगा। यह सिस्टम बस की रियल-टाइम लोकेशन, गति और सुरक्षा संबंधी जानकारी हर 3 से 4 सेकंड में अपडेट करेगा।
मेट्रो की तरह होगा ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट सिस्टम
बस के अंदर चार एलईडी डिस्प्ले लगाए जाएंगे, जिन पर रूट और अगले स्टॉप की जानकारी दिखाई जाएगी। मेट्रो ट्रेन की तरह प्रत्येक 20 सेकंड में अगले स्टॉप और रूट की स्वचालित घोषणा भी होगी, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान सुविधा मिलेगी।
आपातकालीन सुविधाओं का भी रखा गया विशेष ध्यान
हर सीट के पास इमरजेंसी हैमर उपलब्ध रहेगा, जिससे किसी आपात स्थिति में कांच तोड़कर बाहर निकला जा सकेगा। बसों में विशेष इमरजेंसी एग्जिट विंडो भी दी गई हैं, जिनका उपयोग आगजनी या अन्य आपदाओं के दौरान किया जा सकेगा।
दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था
नई ई-बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए दो सीटें आरक्षित रहेंगी। साथ ही दो व्हीलचेयर और ऑटोमैटिक व्हीलचेयर लिफ्ट की सुविधा भी होगी, जिससे दिव्यांग यात्री आसानी से बस में चढ़ और उतर सकेंगे।
इन 10 रूटों पर चलेगी पीएम ई-बस सेवा
कहां से कहां तक दूरी (किमी)
सूखी सेवनिया भोजपुर 49
अटल बिहारी यूनिवर्सिटी आरआरएफ कैंप बगरोदा 50.6
अचारपुरा इंडस्ट्रियल एरिया बीडीए कॉलोनी 32
अचारपुरा इंडस्ट्रियल एरिया बिलकिसगंज 41.8
परवलिया सड़क औबेदुल्लागंज 56.8
सीहोर रातापानी 68.5
सीहोर कटारा बायपास तिराहा 53.7
कोच फैक्ट्री औबेदुल्लागंज 41.3
फंदा मंडीदीप 65.3
बिलखिरिया सीहोर 61.5