मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को आज एक बड़ी औद्योगिक सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कोलार के सतगढ़ी में विकसित किए जा रहे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन और शिलान्यास करेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर दोपहर 12 बजे आयोजित होगा।
20 से 25 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
प्रस्तावित स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में गारमेंट इंडस्ट्री और बड़ी आईटी कंपनियों को स्थापित करने की योजना है। सरकार का दावा है कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में करीब 20 से 25 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़े स्तर पर लाभ मिलेगा।
भारत मंडपम की तर्ज पर बनेगा कन्वेंशन सेंटर
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता पार्क में बनने वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर होगा। इसे दिल्ली के भारत मंडपम की तर्ज पर विकसित किया जाएगा और इसे देश के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटरों में शामिल करने की योजना है। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक, व्यावसायिक और निवेश संबंधी कार्यक्रमों के आयोजन को बढ़ावा मिलेगा।
औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण से भोपाल को नई औद्योगिक पहचान मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना निवेश आकर्षित करने, आईटी और विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने तथा मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।