खंडवा। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार सुबह पवित्र तीर्थनगरी ओंकारेश्वर पहुंचकर ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर के दर्शन किए और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने नैवेद्य भोग अर्पित किया तथा मंगल आरती में शामिल होकर भगवान ममलेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे पहले शनिवार शाम को ओंकारेश्वर पहुंचने पर उन्होंने भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर शयन आरती में भी सहभागिता की थी।
23 साल में पूरा हुआ 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन का संकल्प
ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में ज्ञानेश कुमार ने कहा कि यह उनके जीवन का बेहद विशेष, भावनात्मक और अविस्मरणीय दिन है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में उन्होंने संकल्प लिया था कि जीवन में सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करेंगे। वर्ष 2026 में ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ उनका यह 23 वर्षों पुराना संकल्प पूरा हो गया।उन्होंने कहा कि अपनी धर्मपत्नी के साथ इस पावन स्थल पर पूजा-अर्चना करने का अवसर मिलना उनके लिए ईश्वर की विशेष कृपा है।
देश की सुख-समृद्धि और मजबूत लोकतंत्र की कामना की
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भगवान शिव से देश में सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने देश के मतदाताओं के उत्तम स्वास्थ्य, आध्यात्मिक उन्नति और एक मजबूत, पारदर्शी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए भी मंगलकामना की।