Narsinghpur | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नरसिंहपुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री जिले को करीब 175.14 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस दौरान वे सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण करने के साथ कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री नरसिंहपुर से ही प्रदेश के निजी स्कूलों को 502 करोड़ रुपये की RTE फीस प्रतिपूर्ति राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। इससे प्रदेश के हजारों निजी स्कूलों और लाखों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की बात कही गई है।
42.52 करोड़ की लागत से बना सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय भवन
सीएम मोहन यादव नरसिंहपुर में सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण करेंगे। आधुनिक सुविधाओं से तैयार इस विद्यालय भवन के निर्माण पर करीब 42.52 करोड़ रुपये की लागत आई है। विद्यालय को बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं से लैस करने के साथ विद्यार्थियों के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
502 करोड़ रुपये की RTE फीस प्रतिपूर्ति होगी ट्रांसफर
मुख्यमंत्री नरसिंहपुर से ही 502 करोड़ रुपये की RTE फीस प्रतिपूर्ति राशि सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर करेंगे। इस राशि का लाभ प्रदेश के 20,456 निजी स्कूलों को मिलेगा। इसके साथ ही 8 लाख 19 हजार से अधिक विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा योजना के तहत लाभ मिलने की जानकारी दी गई है।
नरसिंहपुर को 175.14 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान नरसिंहपुर जिले में कुल 175.14 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।
- 80.70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण
- 94.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन
इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़े विकास कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।
स्कूल को मिली 15 बसों को दिखाएंगे हरी झंडी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय को मिली 15 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे विद्यार्थियों के आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। सीएम के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विकास कार्यों की सौगात देने के साथ शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।