मध्यप्रदेश ने रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक बड़ा कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शिवपुरी में ₹2,500 करोड़ की लागत से बनने वाली अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का शिलान्यास किया। इस परियोजना के साथ प्रदेश डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अडाणी समूह के करण अडाणी और जीत अडाणी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान ₹211 करोड़ की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया और कई हितग्राहियों को योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किए।
MP में बनेंगी आधुनिक मिसाइलें, रक्षा क्षेत्र को मिलेगी नई ताकत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शिवपुरी से देश के रक्षा क्षेत्र का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां बनने वाली आधुनिक मिसाइलें लंबी दूरी तक दुश्मन के ठिकानों को निशाना बनाने में सक्षम होंगी और भारत की सैन्य शक्ति को नई मजबूती देंगी। उन्होंने कहा कि चंबल की धरती हमेशा से वीर सैनिकों और देशभक्तों की भूमि रही है। अब यही क्षेत्र देश की सुरक्षा में औद्योगिक स्तर पर भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
5 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 5,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि डिफेंस उद्योग के आने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और शिवपुरी सहित पूरे ग्वालियर-चंबल अंचल के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
शिवपुरी को पर्यटन और उद्योग का नया केंद्र बनाने की तैयारी
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि माधव नेशनल पार्क, गुना में शुरू हुई सीमेंट फैक्ट्री और अब डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट जैसे बड़े निवेश पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल देंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है और राज्य में हर क्षेत्र में तेज़ी से विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने शिवपुरी के लिए कीं कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की घोषणा भी की। इनमें शामिल हैं-
₹120 करोड़ से 14 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण
मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट की स्थापना
खोड़ में नया कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय
शिवपुरी में नई सुभाषपुरा तहसील
पिछोर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
करेगा-भितरवार रोड से समोहा डैम तक नई सड़क
खनियाधाना में कृषि उपज मंडी
खतौरा ग्राम पंचायत में सांदीपनि विद्यालय
शिवपुरी में 200 बिस्तरों वाला मातृ एवं शिशु अस्पताल
सिंधिया बोले- शिवपुरी में लिखा जा रहा नया इतिहास
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी आज राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के नए इतिहास की गवाह बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और शिवपुरी इस बदलाव का नया केंद्र बनेगा।
अडाणी समूह ने जताया भरोसा
अडाणी समूह के निदेशक जीत अडाणी ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाली यूनिट में अत्याधुनिक रक्षा उपकरण और 'मिशन रेडी मिसाइल' तैयार की जाएंगी। उन्होंने कहा कि समूह का निवेश केवल उद्योग में नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के युवाओं, उनकी प्रतिभा और प्रदेश के भविष्य में निवेश है।