बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना स्थित एक ग्रेनाइट खदान में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। खदान में करीब 40 फीट ऊंचाई से विशाल चट्टान गिरने से मध्यप्रदेश के पांच और छत्तीसगढ़ के एक मजदूर सहित कुल सात श्रमिकों की मौत हो गई। हादसे में पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, चट्टान गिरने से कई मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद ट्रैक्टर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर निकाले गए मजदूर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता
हादसे के बाद कर्नाटक के सीएम डी.के. शिवकुमार ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं खदान मालिक ने मृतकों के परिजन को 10-10 लाख और घायलों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई।