बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर मध्यप्रदेश में लगातार बना हुआ है। इसी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह से शनिवार सुबह तक कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश बड़वानी जिले के सेंधवा में 24 घंटे के दौरान 20.6 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई, जो अब तक का नया रिकॉर्ड माना जा रहा है। वहीं खंडवा में 23.9 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। देवास के खातेगांव, गुना के कुंभराज तथा हरदा के खिरकिया और रहटगांव में भी 11.7 से 18 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड हुई।
नदी-नाले उफान पर, कई मार्ग बंद
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। हरदा जिले के मांदला क्षेत्र में काली माचक नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जबकि कड़ोला के पास मटकुल नदी भी पुल तक पहुंच गई। इसके चलते नर्मदापुरम-खंडवा हाईवे शनिवार सुबह करीब पांच घंटे तक बंद रहा।
एसडीआरएफ ने ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला
हरदा की खिरकिया तहसील के धनवाड़ा गांव में माचक नदी का जलस्तर बढ़ने से तीन ग्रामीण एक मकान में फंस गए। जान बचाने के लिए उन्हें पेड़ पर शरण लेनी पड़ी। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सभी ग्रामीणों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।वहीं रायसेन जिले में सड़कें जलमग्न होने से करीब 30 गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया।
गांवों में घुसा पानी, फसलों को नुकसान
सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र में पार्वती, पपनास और नेवज नदियों का जलस्तर बढ़ने से खाचरोद, मेहतवाड़ा, मैना, कोठरी, भंवरा, बागैर, सिंगारचोरी, हराजखेड़ी, ढकनी और मुगली समेत करीब 25 गांवों में पानी भर गया। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ।रतलाम जिले में तेज बहाव के कारण एक पुलिया बह गई। जावर क्षेत्र में ग्रामीण उफनते नाले के बीच जान जोखिम में डालकर पुल पार करते नजर आए।
खंडवा के खालवा और किल्लोद क्षेत्र में खेतों से सोयाबीन की फसल बह गई, जबकि कई मकानों और दुकानों में पानी घुस गया। वहीं देवास जिले के बिजवाड़, सुंद्रेल और कन्नौद क्षेत्र में नदी-नालों के उफान पर होने से इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे सहित कई ग्रामीण मार्ग घंटों तक बंद रहे।
इन जिलों के लिए IMD का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार के लिए बैतूल, बड़वानी, धार, रतलाम, शाजापुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में अति भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, अलीराजपुर, झाबुआ, इंदौर, उज्जैन, देवास, आगर, मंदसौर, नीमच, अनूपपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी और पन्ना जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।