इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द कराने के लिए मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि राज्य सरकार ने इस संबंध में याचिका दायर की है, जिस पर शुक्रवार, 3 जुलाई को सुनवाई होने की संभावना है।
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की मई 2025 में मेघालय के शिलॉन्ग में हनीमून के दौरान हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच के अनुसार, इस साजिश में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके अन्य साथी शामिल थे। मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में सोनम सहित कुछ आरोपियों को जमानत मिल गई, जबकि कुछ अन्य अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं।
विपिन बोले- सरकार नहीं चाहती सोनम लंबे समय तक बाहर रहे
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा कि मेघालय सरकार भी नहीं चाहती कि हत्या जैसे गंभीर मामले की आरोपी सोनम लंबे समय तक जमानत पर बाहर रहे। इसी वजह से हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत रद्द करने की याचिका दाखिल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में 3 जुलाई को सुनवाई हो सकती है।
राजा रघुवंशी हत्याकांड: प्रमुख घटनाक्रम
1 अक्टूबर 2024 – राजा और सोनम के परिवारों ने परिचय पुस्तिका में बच्चों के नाम दर्ज कराए।
14 मार्च 2025 – राजा की मां होली का उपहार लेकर सोनम के घर पहुंचीं। इसी दिन राजा और सोनम की पहली मुलाकात हुई।
11 मई 2025 – राजा रघुवंशी और सोनम का विवाह हुआ।
20 मई 2025 – दोनों हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुए।
22 मई 2025 – शिलॉन्ग में किराए की स्कूटी लेकर सोहरा के लिए निकले।
23 मई 2025 – लावारिस स्कूटी मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
24 मई 2025 – परिवार का दोनों से संपर्क पूरी तरह टूट गया।
27 मई 2025 – सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों के बैग बरामद हुए।
2 जून 2025 – राजा रघुवंशी का शव गहरी खाई से मिला।
3 जून 2025 – पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई।
5 जून 2025 – होटल का सीसीटीवी फुटेज सामने आया।
9 जून 2025 – सोनम गाजीपुर में मिली। पुलिस ने उसे हत्या की साजिश में शामिल बताया।
10 जून 2025 – सोनम समेत पांच आरोपियों को मेघालय ले जाया गया।
11 जून 2025 – सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मिली।
सितंबर 2025 – मेघालय पुलिस ने मामले में चार्जशीट दाखिल की।
30 अक्टूबर 2025 – शिलॉन्ग कोर्ट ने सभी आरोपियों पर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप तय किए।
27 अप्रैल 2026 – शिलॉन्ग कोर्ट ने सोनम रघुवंशी को जमानत दी।
29 अप्रैल 2026 – सोनम जेल से रिहा हुई।
15 जून 2026 – जमानत मिलने के बाद सोनम पहली बार मीडिया के सामने आई।
29 जून 2026 – मेघालय हाईकोर्ट ने सोनम की जमानत रद्द करने की याचिका खारिज कर दी।
राजा रघुवंशी हत्याकांड के आरोपी
विशाल चौहान – पुलिस के अनुसार, राजा रघुवंशी पर दाव (छोटी कुल्हाड़ी) से हमला कर हत्या करने वाला मुख्य हमलावर।
आकाश राजपूत – वारदात के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर रहकर निगरानी करता रहा।
आनंद कुर्मी – हत्या के समय विशाल के साथ मौजूद था। जांच में उसके दस्तावेजों से फर्जी सिम कार्ड खरीदे जाने की बात सामने आई।
सोनम रघुवंशी – पुलिस के मुताबिक, राजा को सेल्फी के बहाने घटनास्थल तक ले गई और हमले का इशारा किया।
राज कुशवाहा – पुलिस जांच के अनुसार, पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड और साजिश का मुख्य सूत्रधार।