मुरैना: मुरैना में सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रिठौरा-मालनपुर बाईपास पर डीजल से भरे टैंकर को आलू से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर से डीजल लीक होने लगा और देखते ही देखते दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि ट्रक और टैंकर के चालक व हेल्परों ने समय रहते वाहनों से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आलू से भरे ट्रक की टक्कर से टैंकर में लगी आग
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे डीजल से भरा टैंकर मुरैना की ओर से रिठौरा-मालनपुर बाईपास होते हुए ग्वालियर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे आलू से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने टैंकर को टक्कर मार दी।टक्कर के कारण टैंकर से डीजल लीक होने लगा। इसके बाद टैंकर में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में आग ने आलू से भरे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों वाहनों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ड्राइवर और हेल्परों ने कूदकर बचाई जान
हादसे के दौरान दोनों वाहनों के चालक और हेल्परों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर छलांग लगा दी। इससे उनकी जान बच गई। डीजल से भरे टैंकर में आग लगने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी।आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।
आधा दर्जन दमकल गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही बानमोर और मालनपुर से करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए अभियान शुरू किया।करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। डीजल टैंकर में आग लगने के कारण राहत और बचाव कार्य में विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।
देर रात तक लगा रहा जाम, SP ने लिया जायजा
हादसे के कारण रिठौरा-मालनपुर बाईपास पर देर रात तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। आग बुझाने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर आवश्यक कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।देर रात मुरैना के पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बड़ा हादसा टला, जांच के बाद सामने आएगी वजह
डीजल से भरे टैंकर और आलू लदे ट्रक में एक साथ आग लगने से बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, दोनों वाहनों के चालक और हेल्परों के समय रहते बाहर निकलने से जनहानि टल गई।फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के कारणों और टक्कर की परिस्थितियों को लेकर आगे की जांच में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।