भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने युवाओं को बड़ी सौगात देने की दिशा में अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि वर्ष 2027 को “युवा वर्ष” के रूप में मनाया जाएगा और अगले दो वर्षों में राज्य में 2 लाख सरकारी भर्तियां की जाएंगी। इसके साथ ही युवाओं के लिए अलग से “युवा बजट” भी तैयार किया जाएगा, जिस पर व्यापक स्तर पर चर्चा और सुझाव लिए जाएंगे।
2 साल में 2 लाख सरकारी भर्तियों का लक्ष्य
राज्य सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि जून 2028 तक रिक्त पदों का पूरा विवरण तैयार किया जाए और उसके आधार पर चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए। सरकार का लक्ष्य है कि अगले दो वर्षों में शत-प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां सुनिश्चित की जाएं।
युवाओं के लिए अलग से बनेगा युवा बजट
सरकार युवाओं के लिए विशेष बजट तैयार करने जा रही है। इसके लिए अलग-अलग स्तरों पर युवाओं से सुझाव लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं भी युवाओं से संवाद करेंगे। इस प्रक्रिया में मध्य प्रदेश अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
निजी क्षेत्र में भी बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
सरकार केवल सरकारी नौकरियों पर ही नहीं, बल्कि निजी क्षेत्र में रोजगार सृजन पर भी जोर दे रही है। राज्य सरकार के अनुसार पिछले ढाई वर्षों में 32.95 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 8.63 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर आ चुका है। इससे करीब 2 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने का दावा किया गया है।
युवाओं पर केंद्रित नीति और विकास मॉडल
राज्य सरकार ने युवाओं को केंद्र में रखकर विकास नीति तैयार की है। वर्ष 2024 को गरीब कल्याण, वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष और वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में युवाओं के लिए विशेष योजनाओं और बजट प्रावधानों पर फोकस किया जा रहा है।