मध्यप्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे 5017 चयनित अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं।
4067 माध्यमिक और 950 प्राथमिक शिक्षकों को मिली नियुक्ति
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल 5017 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनमें 4067 माध्यमिक शिक्षक और 950 प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षक पद पर हिंदी, अंग्रेजी, गणित, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, खेल तथा गायन-वादन विषयों के अभ्यर्थियों की नियुक्ति हुई है। वहीं प्राथमिक स्तर पर खेल, नृत्य और गायन-वादन विषयों के शिक्षकों को पदस्थ किया गया है।
करीब दो साल बाद पूरी हुई नियुक्ति प्रक्रिया
ये सभी अभ्यर्थी शिक्षक चयन परीक्षा-2024 के जरिए चयनित हुए थे। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया में देरी होने से अभ्यर्थियों में असंतोष था और उन्होंने कई बार नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किए। बाद में विभाग ने विद्यालय विकल्प भरने की प्रक्रिया पूरी कराई, जिसकी अंतिम तिथि 21 जून निर्धारित की गई थी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नए शैक्षणिक सत्र में दूर होगी शिक्षकों की कमी
लोक शिक्षण संचालनालय ने नए शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई। विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का निराकरण करने के बाद संभागीय संयुक्त संचालकों को समयबद्ध तरीके से नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो।
शिक्षा मंत्री ने नव-नियुक्त शिक्षकों को दी शुभकामनाएं
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सभी नव-नियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए शिक्षक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।