भोपाल। मध्यप्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का इंतजार मंगलवार को खत्म होने जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा का परिणाम 7 जुलाई को दोपहर 2 बजे घोषित करेगा। विद्यार्थी अपना रिजल्ट राज्य शिक्षा केंद्र के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर देख सकेंगे। वहीं शिक्षक और संस्था प्रमुख भी इसी पोर्टल के माध्यम से अपनी-अपनी शाला का विद्यार्थीवार परीक्षा परिणाम ऑनलाइन देख सकेंगे।
पुनः परीक्षा में ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने लिया था हिस्सा
राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा का आयोजन 16 जून से 23 जून के बीच किया गया था। इस परीक्षा में प्रदेश के शासकीय, अशासकीय विद्यालयों तथा पंजीकृत मदरसों के कुल 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें कक्षा 5वीं के 1.17 लाख से अधिक और कक्षा 8वीं के 1.32 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी।
322 मूल्यांकन केंद्रों पर जांची गई उत्तर पुस्तिकाएं
पुनः परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पूरे प्रदेश में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। मूल्यांकन कार्य में 17 हजार से अधिक शिक्षकों और मूल्यांकनकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई थी। सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि राज्य शिक्षा केंद्र के पोर्टल पर दर्ज कर दी गई है।
ऑनलाइन देख सकेंगे परिणाम
विद्यार्थी और अभिभावक www.rskmp.in/result.aspx पर जाकर रोल नंबर सहित आवश्यक जानकारी दर्ज कर अपना परिणाम देख सकेंगे। वहीं स्कूलों के संस्था प्रमुख और शिक्षक भी इसी पोर्टल पर अपनी शाला के विद्यार्थियों का परिणाम ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने परिणाम जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।