मध्यप्रदेश के रेल यात्रियों के लिए एक बार फिर मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर रेलवे ने बरेली यार्ड स्थित वाशिंग लाइन संख्या 36 और 37 पर अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्य के चलते कई ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में निरस्त करने का फैसला लिया है। यह कार्य 5 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक चलेगा। रेलवे ने परिचालन व्यवस्था और रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के निरस्तीकरण की सूची जारी की है।
इन ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित
14320 बरेली–इंदौर एक्सप्रेस 8, 15, 22 और 29 जुलाई को निरस्त रहेगी।
14319 इंदौर–बरेली एक्सप्रेस 9, 16, 23 और 30 जुलाई को निरस्त रहेगी।
14314 बरेली–लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) एक्सप्रेस 11, 18, 25 जुलाई और 1 अगस्त को निरस्त रहेगी।
14313 लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT)–बरेली एक्सप्रेस 13, 20, 27 जुलाई और 3 अगस्त को निरस्त रहेगी।
मार्ग परिवर्तन के बजाय अब रहेंगी पूरी तरह निरस्त
रेलवे ने बताया कि ललितपुर स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते पहले ट्रेन संख्या 14313 और 14319 के मार्ग परिवर्तन की सूचना जारी की गई थी। अब संशोधित आदेश के अनुसार इन निर्धारित तिथियों पर दोनों ट्रेनों का संचालन पूरी तरह निरस्त रहेगा।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।