भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर लगातार जारी है। बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कई स्थानों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।
प्रदेश में फिलहाल मानसूनी सिस्टम मजबूत बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन जहां धूप निकलेगी वहां उमस महसूस हो सकती है।
7 जुलाई से 8 जुलाई तक इन जिलों में रहेगा भारी बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार 7 जुलाई सुबह 8:30 बजे से 8 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक विदिशा, गुना, अशोकनगर, सागर और छतरपुर जिलों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
वहीं रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, आगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सतना, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, पन्ना, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा भोपाल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
8 जुलाई से 9 जुलाई तक भी कई जिलों में जारी रहेगा अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 8 जुलाई सुबह 8:30 बजे से 9 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, भिंड, श्योपुरकलां, सागर और टीकमगढ़ जिलों में अति भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, ग्वालियर, दतिया, मुरैना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, दमोह, छतरपुर और निवाड़ी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, मैहर और पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में नहीं रुकने की सलाह दी है।