भोपाल। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल द्वारा 26 नवंबर 2026, गुरुवार को प्रबुद्धजन संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार (मिंटो हॉल), भोपाल में आयोजित होगा। इसमें केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की रहेगी मौजूदगी
भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने बताया कि संगोष्ठी में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री भारत सरकार गजेंद्र सिंह शेखावत, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में संविधान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। संगोष्ठी में भोपाल शहर के गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया गया है। इसमें पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तित्वों के साथ डॉक्टर, खिलाड़ी, वैज्ञानिक, वकील, इंजीनियर और विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठित नागरिक सहभागी होंगे।
संविधान के मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर होगा विचार-विमर्श
भाजपा द्वारा आयोजित संगोष्ठी में भोपाल शहर के गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्धजनों के साथ पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तित्व, डॉक्टर, खिलाड़ी, वैज्ञानिक, वकील, इंजीनियर और विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठित नागरिक शामिल होंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान के मूल्यों, अधिकारों, कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संवैधानिक चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से इस संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
विधानसभा में मनाया जाएगा 77वां संविधान दिवस
मध्यप्रदेश विधानसभा में 26 नवंबर को संविधान उत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष एवं सदस्य और विश्वविद्यालयों के कुलगुरु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। संविधान दिवस समारोह का शुभारंभ सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में गेट नंबर पांच के समीप स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा। इसके बाद सुबह 11:15 बजे समिति कक्ष क्रमांक-1 में मुख्य समारोह प्रारंभ होगा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा उपस्थित अतिथियों और जनप्रतिनिधियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया जाएगा। साथ ही गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में विधानसभा की पत्रिका 'विधायिनी' के संविधान विशेषांक का विमोचन भी किया जाएगा।
संविधान गैलरी का होगा उद्घाटन, मध्यप्रदेश के योगदान को मिलेगी जगह
समारोह का प्रमुख आकर्षण विधानसभा परिसर में 'संविधान गैलरी' का उद्घाटन रहेगा। विधानसभा के सेंट्रल हॉल में भारतीय संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। अतिथियों द्वारा संविधान गैलरी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया जाएगा। इस गैलरी में संविधान सभा का समूह चित्र प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान को रेखांकित करने वाले चित्रों को भी स्थान दिया जाएगा। इसके अलावा भारतीय संविधान के प्रथम पृष्ठ पर अंकित अशोक स्तंभ का चित्रांकन करने वाले प्रसिद्ध चित्रकार स्वर्गीय दीनानाथ भार्गव के सुपुत्र का अभिनंदन किया जाएगा।
2015 से मनाया जा रहा है संविधान दिवस
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने वर्ष 2015 में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की थी। इसका उद्देश्य नागरिकों में संविधान के प्रति सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी उद्देश्य से मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान उत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। विधानसभा में संविधान गैलरी और विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान को भी रेखांकित किया जाएगा।