महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए सभी पार्टियां चुनावी प्रचार जोर-शोर से कर रही हैं। पार्टियां लोगों से लुभावने वादे करने के साथ-साथ चुनाव प्रचार के लिए अलग-अलग तरीके भी अपना रही हैं। इसी के साथ तमाम नेताओं के बीच जुबानी तीर छोड़े जा रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महा विकास आघाडी (एमवीए) पर तीखा हमला बोला।
कांग्रेस झूठे वादे करके लोगों को गुमराह करती है
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, अगर महा विकास आघाडी (एमवीए) 20 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीत जाता है तो राज्य कांग्रेस के लिए ‘एटीएम’ बन जाएगा। बीजेपी नेता शाह ने आगे कहा कि, वे (एमवीए) राज्य के संसाधनों का इस्तेमाल कर महाराष्ट्र से पैसा बटोरेंगे और पैसा दिल्ली भेज देंगे। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस झूठे वादे करती है और लोगों को गुमराह करती है।
राहुल गांधी ने बाबासाहेब का अपमान किया
इसके साथ ही बीजेपी के दिग्गज नेता अमित शाह ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, हाल में राहुल गांधी को बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान की एक प्रति लहराते हुए देखा गया। उन्होंने संसद में शपथ लेते वक्त भी वही प्रति पकड़ी थी। केंद्रीय गृह मंत्री ने यहां आगे कहा कि, जब कुछ पत्रकारों को वह प्रति मिली तो उसके पन्ने खाली थे। संविधान की फर्जी प्रति दिखाकर राहुल गांधी ने लोगों का विश्वास तोड़ा और बाबासाहेब का अपमान किया।
आपका एक वोट भारत के भविष्य को मजबूत करेगा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, सच्चाई यह है कि, एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस की सरकार बनने के बाद हमारा महाराष्ट्र पूरे भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के मामले में पहले नंबर पर है। उन्होंने जनता से कहा कि, आपका एक वोट भारत के भविष्य को मजबूत करेगा। इसके अलावा बीजेपी नेता शाह ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी ‘पत्थर की लकीर’ की तरह है।
Comments (0)