भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र कल रात निधन हो गया। भारत के आर्थिक सुधारों के जनक डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद शोक संदेश का तांता लग गया। इसी कड़ी में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।
मनमोहन सिंह ने भारत के आर्थिक परिदृश्य को पूरी तरह से बदल दिया
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने भारत के आर्थिक परिदृश्य को पूरी तरह से बदल दिया। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने धनखड़ के हवाले से कहा कि, मनमोहन सिंह ने साहसपूर्वक हमारे देश को महत्वपूर्ण परिवर्तन के दौर में संभाला और विकास तथा समृद्धि के नए रास्ते खोले।
एक प्रखर बुद्धिजीवी नेता और उत्कृष्ट राजनेता को खो दिया है
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को 1991 में भारत के आर्थिक उदारीकरण के वास्तुकार के रूप में जाना जाता है। आपको बता दें कि, जगदीप धनखड़ राज्यसभा के सभापति भी हैं। मनमोहन सिंह उच्च सदन के पूर्व सदस्य थे। उपराष्ट्रपति ने आगे कहा कि, मनमोहन सिंह के निधन से भारत ने एक प्रखर बुद्धिजीवी नेता और उत्कृष्ट राजनेता को खो दिया है।
उनकी अटूट प्रतिबद्धता हमेशा मेरी स्मृति में अंकित रहेगी
उपराष्ट्रपति ने आगे कहा कि, डॉ. मनमोहन सिंह की विरासत हमेशा भारत के विकास पथ का मार्गदर्शन करेगी। इस कठिन समय में उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। जगदीप धनखड़ ने याद करते हुए कहा कि, उपराष्ट्रपति के रूप में उन्हें मनमोहन सिंह के साथ उनके आवास पर सार्थक एवं ज्ञानवर्धक बातचीत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। धनखड़ ने कहा कि, अर्थव्यवस्था के बारे में उनकी गहरी समझ, सौम्य व्यवहार और भारत की प्रगति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता हमेशा मेरी स्मृति में अंकित रहेगी।
Comments (0)