कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर कहा कि, महाराष्ट्र सरकार चोरी की है। यह जनता द्वारा चुनी गई सरकार नहीं है। जनता ने कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी की गठबंधन सरकार चुनी थी। पूर्व सीएम ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि, इन्होंने (भाजपा) झारखंड सरकार को भी गिराने की कोशिश की। इन्होंने मौजूदा सीएम को जेल भेज दिया, जबकि उनके पास ऐसा करने का कोई कारण नहीं था। इसके साथ ही कोर्ट ने सवाल किया कि, उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया? कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, मुझे पूरा भरोसा है कि, झारखंड और महाराष्ट्र में हमारी गठबंधन सरकार बनेगी।
सीएम योगी बुलडोजर कार्रवाई पर गर्व करते हैं
वहीं एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे के नारे पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि, पीएम मोदी कह रहे हैं 'एक रहो, सुरक्षित रहो।' राहुल गांधी ने सही कहा है कि, कुछ लोग भारतीय अर्थव्यवस्था पर एकाधिकार चाहते हैं और वे एकजुट हैं तो सुरक्षित हैं। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि, जहां तक सीएम योगी आदित्यनाथ का सवाल है, जिस तरह से सुप्रीम कोर्ट ने बुलडोजर संस्कृति पर आदेश दिया है, अगर कोई और होता तो इस्तीफा दे देता। सीएम योगी बुलडोजर कार्रवाई पर गर्व करते हैं। बुलडोजर से फूल बरसाकर उनका स्वागत किया जाता है। बुलडोजर उनके कार्यकाल की पहचान रही है। उन्होंने आगे कहा कि, मैं सुप्रीम कोर्ट के जजों को उनके फैसले के लिए बधाई देता हूं।
बीजेपी ही विभाजन कर रही है
इसके अलावा जाति आधारित जनगणना पर कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी ही विभाजन कर रही है। राहुल गांधी कह रहे हैं कि, समस्याओं का समाधान विस्तृत शोध के आधार पर मिलता है। संविधान में प्रावधान है कि, आबादी के हिसाब से एक वर्ग को नौकरी में जगह मिलेगी और बजट भी उसी हिसाब से दिया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।
मीडिया में आदिवासी कितने हैं ?
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने यहां आगे कहा कि, कोई भी टॉप या मिडिल लेवल का कॉरपोरेट अनुसूचित जनजाति से नहीं है। मीडिया में भी आपकी प्रोफाइल में आदिवासी समुदाय के कितने लोग हैं? सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए जाति आधारित जनगणना होनी चाहिए। वे जनगणना से क्यों डरते हैं? कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, अभी 2024 है और 2021 की जनगणना होनी है।
Comments (0)