केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हवाई यात्रा को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनका मकसद यात्रियों को बेहतर अनुभव और समान अवसर उपलब्ध कराना है।
सीट आवंटन में पारदर्शिता पर जोर
मंत्रालय ने एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि फ्लाइट में सीट आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाए, ताकि यात्रियों को निष्पक्ष तरीके से सीटें मिल सकें।
एक ही PNR वाले यात्रियों को साथ बैठाने की कोशिश
नए नियमों के अनुसार, एक ही पीएनआर पर यात्रा करने वाले यात्रियों को पास-पास सीट देने का प्रयास किया जाएगा। इससे परिवार और ग्रुप में यात्रा करने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी।
सामान ले जाने की प्रक्रिया होगी आसान
स्पोर्ट्स इक्विपमेंट और म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट जैसी वस्तुओं को ले जाने के नियमों को सरल और स्पष्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, सुरक्षा और संचालन से जुड़े नियमों का पालन अनिवार्य रहेगा।
पालतू जानवरों के लिए स्पष्ट गाइडलाइन
एयरलाइंस को पालतू जानवरों को साथ ले जाने के लिए पारदर्शी और स्पष्ट नीति तैयार करनी होगी, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
यात्रियों के अधिकारों पर विशेष ध्यान
मंत्रालय ने देरी, फ्लाइट कैंसिलेशन या डिनाइड बोर्डिंग की स्थिति में यात्रियों के अधिकारों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। एयरलाइंस को यह जानकारी अपनी वेबसाइट, ऐप और एयरपोर्ट काउंटर पर प्रदर्शित करनी होगी, साथ ही स्थानीय भाषाओं में भी उपलब्ध करानी होगी।
भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा एविएशन मार्केट
भारत घरेलू उड़ानों के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है। UDAN योजना के तहत हवाई यात्रा अधिक सुलभ हुई है और देश के एयरपोर्ट्स रोजाना 5 लाख से ज्यादा यात्रियों को संभाल रहे हैं।
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर फोकस
मंत्रालय ने बताया कि यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए UDAN यात्री कैफे, ‘फ्लाइब्ररी’ में मुफ्त किताबें और एयरपोर्ट पर फ्री वाई-फाई जैसी सुविधाएं शुरू की गई हैं। सरकार का लक्ष्य पारदर्शिता बढ़ाना, शिकायतें कम करना और सुरक्षा मानकों को बनाए रखना है।
Comments (0)