केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे मोगा जिले में आयोजित एक बड़ी ‘बदलाव रैली’ को संबोधित करेंगे। दौरे से पहले उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
सोशल मीडिया पर AAP सरकार पर साधा निशाना
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि पंजाब का हर नागरिक बदलाव चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘रिमोट कंट्रोल’ से चल रही आप सरकार के शासन में राज्य में कानून व्यवस्था और विकास दोनों ही कमजोर पड़ गए हैं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि जवानों, किसानों और मेहनतकश लोगों की भूमि पंजाब को मौजूदा सरकार ने भ्रष्टाचार, ड्रग्स और अपराध की समस्या में धकेल दिया है।
मोगा रैली को लेकर उत्साह
गृह मंत्री ने कहा कि वे मोगा में भाजपा की ‘बदलाव रैली’ में पंजाब के लोगों से संवाद करने को लेकर उत्साहित हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह रैली राज्य में बदलाव और नई राजनीतिक दिशा का संदेश देने का मंच बनेगी।
भाजपा ने बताया रैली का उद्देश्य
भाजपा के अनुसार, अमित शाह मोगा के किल्ली चहल इलाके में आयोजित इस विशाल रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान पार्टी पंजाब को गुंडागर्दी, नशे और बेरोजगारी से मुक्त कर विकास के नए रास्ते पर ले जाने का अपना विजन पेश करेगी।
रैली को लेकर व्यापक तैयारियां
पंजाब में अमित शाह की रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं। नेताओं का कहना है कि यह रैली राज्य में सुशासन, विकास और नई राजनीतिक सोच को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी।
रैली से पहले फ्लैग मार्च
रैली से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को इलाके के प्रमुख बाजारों में फ्लैग मार्च भी निकाला। यह मार्च कई सार्वजनिक स्थानों से होकर गुजरा, जहां लोगों को बदलाव के संदेश के साथ मोगा की रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।
Comments (0)