BBC office: ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन BBC के दफ्तर पर आयकर विभाग (Income tax department) ने छापा मारा है। जानकारी के अनुसार आईटी की टीम ने मंगलवार सुबह बीबीसी के दिल्ली और मुंबई में स्थित ऑफिस पर छापा मारा है। सूत्रों ने बताया कि एक्शन के दौरान स्टाफ के फोन बंद करा दिए गए हैं। साथ ही किसी को परिसर में आने-जाने से रोक दिया गया है। आयकर विभाग या BBC की तरफ से अब इस रेड को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, सूत्रों से खबर मिली है कि IT टीम BBC ऑफिस में रखे गए रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है।
कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए कहा
बता दें कि दिल्ली के साथ ही BBC के मुंबई स्थित दफ्तर पर भी आयकर विभाग ने छापेमारी की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 60-70 सदस्यों वाली आयकर विभाग की टीमें बीबीसी के दफ्तर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। दफ्तर में अंदर आने और बाहर जाने पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं BBC पर आईटी के छापे की खबर के बाद कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'पहले उन्होंने BBC की डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिबंध लगाया और अब आयकर विभाग ने BBC पर छापा मारा है। यह अघोषित तौर पर आपातकाल है'।
जयराम रमेश ने कहा
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी इस छापामारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यहां हम अडाणी के मामले में JPC की मांग कर रहे हैं और वहां सरकार BBC के पीछे पड़ी हुई है। विनाशकाले विपरीत बुद्धि।
डॉक्यूमेंट्री पर काफी चर्चा में रहा
बता दें कि हाल ही में BBC अपनी एक विवादित डॉक्यूमेंट्री को लेकर काफी चर्चा में रहा था। डॉक्यूमेंट्री को लेकर पूरे देश में हंगामा मच गया था। केंद्र सरकार ने डॉक्यूमेंट्री को एक प्रौपेगैंडा बताया था। केंद्र सरकार ने जारी बयान में कहा था कि ये डॉक्यूमेंट्री एक तरफ के नजरिए को दिखाता है जिसके चलते स्क्रीनिंग पर रोक लगाई गई। हालांकि, सरकार के रोक लगाने के बावजूद, कई विश्वविद्यालयों-कॉलेजों में इसकी स्क्रीनिंग की गई। बता दें कि BBC लंदन का मीडिया आउटलेट है जो भारत में काफी सालों से पत्रकारिता कर रहा है।
40 भाषाओं में खबरें होती है प्रसारित
BBC वर्ल्ड सर्विस टेलीविजन ब्रिटिश सरकार की संस्था है। यह 40 भाषाओं में खबरें प्रसारित करता है। ब्रिटेन की संसद के ग्रांट के द्वारा इसकी फंडिंग करती है। इसका मैनेजमेंट फॉरेन एंड कॉमेनवेल्थ ऑफिस के द्वारा होता है। यह डिजिटल, कल्चर, मीडिया और स्पोर्ट्स विभाग के तहत काम करती है। BBC को एक रॉयल चार्टर के तहत साल 1927 में शुरू किया गया था।
Comments (0)