चुनाव आयोग ने चार राज्यों में 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इन सभी छह सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
उपचुनाव वाली सीटों में असम की नागांव लोकसभा सीट, पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीट, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट तथा पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट शामिल हैं।
नंदीग्राम पर सबसे ज्यादा नजर
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गई है। यह सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का मजबूत राजनीतिक गढ़ मानी जाती है। 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को सुवेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद हालिया विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। भवानीपुर में उन्होंने ममता बनर्जी को भी हराया था। चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को भी बड़ा झटका लगा।
क्या नंदीग्राम से फिर चुनाव लड़ेंगी ममता?
हालिया चुनाव में दोनों सीटों पर जीत हासिल करने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने अपनी पारंपरिक सीट नंदीग्राम छोड़ दी। इसके बाद अब राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ममता बनर्जी एक बार फिर नंदीग्राम से चुनाव मैदान में उतरेंगी?
ममता के संभावित चुनाव लड़ने को लेकर अभी कोई फैसला सामने नहीं आया है, लेकिन उपचुनाव के ऐलान के साथ ही इस सीट पर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। अगर ममता यहां से उतरती हैं तो नंदीग्राम का मुकाबला एक बार फिर बेहद अहम हो सकता है।
नंदीग्राम में पिछली बार क्या रहा था मुकाबला?
नंदीग्राम सीट के हालिया विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी को 1,27,301 वोट मिले थे, जबकि टीएमसी उम्मीदवार प्रतीभा कर को 1,17,636 वोट मिले।वहीं 2021 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी को 1,10,764 वोट मिले थे और ममता बनर्जी को 1,08,808 वोट हासिल हुए थे।
रेजीनगर में भी होगा उपचुनाव
पश्चिम बंगाल की दूसरी सीट रेजीनगर पर भी उपचुनाव होगा। यहां से आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने जीत दर्ज की थी। उन्हें नौडा सीट से भी जीत मिली थी।बाद में हुमायूं कबीर ने रेजीनगर विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया, जिसके चलते अब यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले टीएमसी ने हुमायूं कबीर को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
नागांव लोकसभा सीट भी शामिल
असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। इस सीट से सांसद रहे प्रद्युत बोरदोलोई ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था।अब रिक्त हुई इस लोकसभा सीट पर भी 6 अक्टूबर को मतदान होगा।
तमिलनाडु और पुडुचेरी की सीटों पर भी उपचुनाव
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव की घोषणा की गई है। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर भी मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।छह सीटों पर होने वाले इन उपचुनावों के नतीजे 9 अक्टूबर को आएंगे। खासतौर पर नंदीग्राम पर सबकी नजर रहेगी, जहां ममता बनर्जी के संभावित चुनाव लड़ने को लेकर सियासी हलचल बढ़ गई है।