कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता और सांसद शशि थरूर और मनीष तिवारी ने ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के बीच भारत की विदेश नीति का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है। आपको बता दें कि, इन दोनों अनुभवी नेताओं ने इस स्थिति के कुशल प्रबंधन के लिए भारत की सराहना की और क्षेत्र में अपने हितों की रक्षा के महत्व पर जोर दिया।
यह भारत का युद्ध नहीं है
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक लेख में भारत की 'चुप्पी' को जिम्मेदार कूटनीति के रूप में सही ठहराया, ना कि नैतिक आत्मसमर्पण के रूप में जैसा कि कई लोगों ने दावा किया, जबकि कांग्रेस पार्टी के ही दिग्गज नेता मनीष तिवारी ने इस दौरान कहा कि, यह 'भारत का युद्ध नहीं है' और भारत के दूर से घटनाक्रम को देखने के रुख का समर्थन किया।
भारत की कूटनीति हमेशा सिद्धांत में रही है
शशि थरूर ने जवाहरलाल नेहरू की गुटनिरपेक्षता की नीति का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष के दावों को खारिज किया कि, भारत शक्तिशाली अमेरिका-इजरायल धुरी की ओर झुक रहा है। विदेश मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष थरूर ने लेख में आगे लिखा है कि, भारत की कूटनीति हमेशा सिद्धांत और व्यावहारिकता के बीच संतुलन बनाने के बारे में रही है।
हमारे राष्ट्रीय हितों के लिए विवेक की आवश्यकता है
विदेश मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष शशि थरूर ने पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू की गुटनिरपेक्षता की नीति नैतिक स्थिति लेने से इन्कार यह इस बात की स्वीकृति थी कि भारत की संप्रभुता और अस्तित्व शीत युद्ध की शत्रुताओं में उलझने से बचने पर निर्भर करता है। वहीं आगे कांग्रेस नेता ने एक बढ़ते बहुध्रुवीय विश्व की वास्तविकताओं पर लिखा है कि, भारत 'मल्टी-अलाइनमेंट' का अभ्यास करता है। ईरान पर युद्ध अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत न्यायसंगत नहीं है, लेकिन भारत की 'चुप्पी' उस युद्ध का समर्थन नहीं है, बल्कि यह इस बात की स्वीकृति है कि हमारे राष्ट्रीय हितों के लिए विवेक की आवश्यकता है, न कि दिखावे की।
'नैतिक आत्मसमर्पण' नहीं है
कांग्रेस नेता थरूर ने आगे अपने इस लेख में कहा है कि, एक सरकार का भू-राजनीतिक वास्तविकताओं को पहचानना और सार्वजनिक रुख अपनाने से पहले भारत की अर्थव्यवस्था और रणनीतिक स्थिति के लिए परिणामों का वजन करना 'नैतिक आत्मसमर्पण' नहीं है। यह जिम्मेदार कूटनीति है।
कांग्रेस ने किया मोदी सरकार का समर्थन
वहीं कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता मनीष तिवारी ने एक कार्यक्रम में केंद्र की मोदी सरकार का समर्थन कर बताया कि, भारत ने हमेशा क्षेत्र में एक सीमांत खिलाड़ी के रूप में अपनी भूमिका निभाई है। यह समझना महत्वपूर्ण है कि पश्चिम एशिया में कई युद्ध चल रहे हैं। उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि, इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जो वास्तव में हो रहा है, वह केवल पश्चिम एशिया की गतिशीलता के बारे में नहीं है।
हम सही काम कर रहे हैं
देश की सबसे पुरानी पार्टी के कांग्रेस के दिग्गज सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि, यह हमारा युद्ध नहीं है। हम हमेशा बड़े पश्चिम एशिया में सीमांत खिलाड़ी रहे हैं। भारत की रणनीतिक स्वायत्तता पर उन्होंने कहा कि, यदि हम सतर्क हैं, तो मुझे लगता है कि हम सही काम कर रहे हैं।
Comments (0)