कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों की मतगणना से एक दिन पहले कहा कि, दोनों राज्यों में इंडी गठबंधन के घटक दलों को बहुमत मिलेगा और एमवीए की ओर से सीएम पद को लेकर फैसला एक दिन में हो जाएगा। पायलट ने चुनाव बाद एग्जिट पोल के उन अनुमानों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया है कि, दोनों राज्यों में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को बहुमत मिलेगा। उन्होंने इस दौरान यह दावा भी है कि, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के राहुल गांधी के साथ संसद पहुंचने पर भाजपा और राजग की रातों की नींद हराम हो जाएगी।
हरियाणा एक झटका था और बहुत ही आश्चर्यजनक था
पायलट ने कहा कि, महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजे भाजपा और NDA को ‘हकीकत से रूबरू’ कराएंगे। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि, हरियाणा एक झटका था और बहुत ही आश्चर्यजनक था, लेकिन महाराष्ट्र और झारखंड की एक ‘‘अलग कहानी’’ है। इसके साथ ही उन्होंने आगे यह भी कहा है कि, मतदाताओं में महाराष्ट्र में बदलाव की स्पष्ट इच्छा है क्योंकि जो ‘डबल इंजन’ की सरकार चल रही थी, वह मतदाताओं की किसी भी उम्मीद पर खरी नहीं उतर रही थी।
हम महाराष्ट्र में सरकार बदलते देखेंगे
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए आगे कहा है कि, हमने जिस तरह का अभियान चलाया, जिस तरह की गारंटी का वादा किया, हमारे गठबंधन सहयोगी, उम्मीदवारों का चयन, हमारे बयान सकारात्मक रहे और उसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली। इसलिए मुझे लगता है कि, हम महाराष्ट्र में सरकार बदलते देखेंगे। आपको बता दें कि, पायलट ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कुल 55 जनसभाएं कीं, जिनमें से दो दर्जन से अधिक अकेले महाराष्ट्र में थीं।
इंडिया गठबंधन सरकार बनाने की अच्छी स्थिति में हैं
हेमंत सोरेन के बारे में बात करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि, झारखंड में एक मौजूदा मुख्यमंत्री को जेल में डाल दिया गया और आखिरकार उच्चतम न्यायालय से उन्हें राहत मिल गई। सचिन पायलट ने आगे केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, केंद्रीय एजेंसियों का इस तरह का दुरुपयोग राज्य के मतदाताओं को रास नहीं आया है। उन्होंने कहा कि, झारखंड में भाजपा के पास कोई विश्वसनीय चेहरा नहीं है। मुझे लगता है कि, दोनों राज्यों में विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दल सरकार बनाने की अच्छी स्थिति में हैं।
Comments (0)