दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। रविवार देर रात से शुरू हुई बारिश का दौर सोमवार को भी जारी रहा। दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद देर रात कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार का दिन इस महीने का सबसे ठंडा दिन रहा, जो 2011 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है, जब उस साल अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस था।
राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 7.7 डिग्री कम, यानी 26.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक, यानी 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस वजह से लोगों को ठंडी हवा का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश का यह दौर पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है। उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि मध्य पाकिस्तान और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर भी एक चक्रवात सक्रिय है।
सोमवार को सुबह से ही बादलों ने आसमान घेर रखा था। तेज ठंडी हवाएं चल रही थीं। कई इलाकों में तेज बारिश के कारण जगह-जगह सड़कें जलमग्न हो गईं और ट्रैफिक जाम की समस्या भी पैदा हुई। बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दी, लेकिन जनजीवन प्रभावित भी हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कुल 10.3 मिमी और सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक 3.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। पालम में 3.2 मिमी, लोधी रोड में 3.7 मिमी, आया नगर में 3.6 मिमी और रिज एवं पूसा में 1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली तथा पश्चिमी दिल्ली में झमाझम बारिश की संभावना जताई है।
विभाग ने मंगलवार को भी बारिश की संभावना जताई है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेंगी, जो 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
Comments (0)