गुनौर थाना क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस वाहन से शराब ले जा रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 10 पेटी अवैध देशी मसाला शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त एम्बुलेंस वाहन जब्त किया है।
मुखबिर सूचना पर की गई घेराबंदी
थाना प्रभारी निरीक्षक माधवी अग्निहोत्री को रात्रि में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक एम्बुलेंस वाहन के माध्यम से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन में पुलिस टीम ने महेबा रोड स्थित बेलही महादेव मंदिर मेन गेट के पास चेकिंग लगाई। कुछ समय बाद संदिग्ध एम्बुलेंस वाहन क्रमांक CG04NS7479 को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया।
120 लीटर शराब बरामद, प्रकरण दर्ज
वाहन की तलाशी के दौरान कुल 10 पेटी में लगभग 120 लीटर (475 क्वार्टर) देशी मसाला शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹60 हजार बताई गई है। साथ ही ₹1,000 नगद राशि भी जब्त की गई। पुलिस ने एम्बुलेंस चालक सहित तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर थाना गुनौर में अपराध क्रमांक 40/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपित:
लोकेन्द्र लोधी (सीलघाट, दमोह), विधा प्रसाद दाहायत (कुड़ई पटेरा, दमोह), अभिषेक राजपूत (रनेह, दमोह) कार्रवाई में थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
Comments (0)