मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इन तबादलों से स्वास्थ्य, वन, जनसंपर्क, आबकारी, कृषि, बिजली वितरण और जिला पंचायत जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
अशोक बर्णवाल बने स्वास्थ्य विभाग के एसीएस
1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव (ACS) नियुक्त किया गया है। राज्य की स्वास्थ्य नीतियों और मेडिकल एजुकेशन की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।
वन विभाग की कमान संदीप यादव को
2000 बैच के आईएएस अधिकारी संदीप यादव को वन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। वन संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े अहम फैसलों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
मनीष सिंह बने जनसंपर्क आयुक्त
राज्य सरकार ने आईएएस मनीष सिंह को नया आयुक्त जनसंपर्क नियुक्त किया है। वे सरकार की योजनाओं और नीतियों के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जबलपुर विद्युत कंपनी को नया एमडी
2009 बैच के आईएएस अजय गुप्ता को जबलपुर विद्युत वितरण कंपनी का प्रबंध संचालक (MD) बनाया गया है। बिजली व्यवस्था सुधार की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी।
मार्कफेड और आबकारी विभाग में बदलाव
2010 बैच के आईएएस अभिजीत अग्रवाल को राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।वहीं, दीपक सक्सेना को राज्य का नया आबकारी आयुक्त बनाया गया है।
कृषि और राजभवन से जुड़े अहम फैसले
उमाशंकर भार्गव को राजभवन से वापस बुलाकर किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग में संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस सुनील दुबे को राजभवन में राज्यपाल का उप सचिव (डिप्टी सेक्रेटरी) नियुक्त किया गया है।
जिला पंचायतों में भी नई नियुक्तियां
संघमित्रा गौतम को अलीराजपुर जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है। वहीं, कमल सोलंकी को रायसेन जिला पंचायत का सीईओ नियुक्त किया गया है।
Comments (0)