पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत में कच्चे तेल और रिफाइनरियों को लेकर किसी तरह की कमी नहीं है और सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।
देशभर में पेट्रोल-डीज़ल पर्याप्त हैं
उन्होंने बताया कि खुदरा पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म होने की कोई घटना सामने नहीं आई है और देशभर में पेट्रोल और डीज़ल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अपनी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए घरेलू स्तर पर ही पर्याप्त पेट्रोल और डीज़ल का उत्पादन करता है, इसलिए आयात पर निर्भरता की आवश्यकता नहीं पड़ती।
LPG की आपूर्ति में दिक्कत हो रही है
प्राकृतिक गैस के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह है कि जहां भी व्यावसायिक उपभोक्ताओं को LPG की आपूर्ति में दिक्कत हो रही है, उन्हें पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन पर स्थानांतरित किया जाए। इसी दिशा में GAIL ने विभिन्न सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन ऑपरेटरों के साथ बैठक की है और उन्हें पात्र उपभोक्ताओं को PNG कनेक्शन देने की प्रक्रिया तेज़ करने की सलाह दी है।
LPG सिलेंडर की बुकिंग में तेजी देखी गई
LPG सप्लाई को लेकर उन्होंने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए यह चिंता का विषय जरूर है, लेकिन अभी तक स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। हालांकि उन्होंने बताया कि LPG सिलेंडर की पैनिक बुकिंग में तेजी देखी गई है।
घबराने की आवश्यकता नहीं है
सुजाता शर्मा के मुताबिक, पहले जहां करीब 75 से 76 लाख LPG बुकिंग दर्ज की गई थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर लगभग 88 लाख हो गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि घबराहट में बुकिंग न करें और केवल जरूरत पड़ने पर ही सिलेंडर बुक करें, ताकि सप्लाई व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।सरकार का कहना है कि ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
Comments (0)