केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों ने गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें पश्चिम एशिया में तनाव के कारण तेल और गैस संकट की मौजूदा स्थिति पर जानकारी दी गई। विदेश मंत्रालय (MEA) में जॉइंट सेक्रेटरी (गल्फ) असीम महाजन ने कहा कि यह सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरे वैश्विक समुदाय के लिए चुनौतीपूर्ण समय है।
ऑनलाइन सिलेंडर बुकिंग बढ़कर 94% तक पहुंची,पैनिक बुकिंग में कमी
पेट्रोलियम मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग एवं ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बताया कि युद्ध के कारण LPG की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हालांकि, देश में किसी भी LPG डिस्ट्रीब्यूटर के पास सिलेंडर की कमी नहीं है।
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, देश में ऑनलाइन सिलेंडर बुकिंग बढ़कर 94% तक पहुंच गई है। करीब 83% रीफिल डिलीवरी ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेट’ कोड के जरिए हो रही है और पैनिक बुकिंग में कमी देखी जा रही है।
सुजाता शर्मा ने कहा कि भारत में लगभग 70% कच्चा तेल अब होर्मुज स्ट्रेट के बाहर के क्षेत्रों से आ रहा है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दबाव जरूर है, लेकिन फिलहाल LPG कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
Comments (0)