नागपुर - ईरान पर अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के 20 दिन बीत चुके हैं, जिससे पेट्रोल, डीजल और गैस जैसी ऊर्जा जरूरतों को लेकर दुनिया में अस्थिरता बढ़ गई है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से मोटा टोल वसूलने की योजना बनाई है, जिससे वैश्विक स्तर पर बेचैनी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
भारत ही सभी को जोड़ सकता है
इन हालातों पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि आज दुनिया विनाश की ओर बढ़ रही है, लेकिन इसका समाधान और विश्व शांति लाने की क्षमता भारत में मौजूद है। भागवत ने नागपुर में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के विदर्भ प्रांत कार्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि, भारत का उत्थान हो रहा है, जबकि विश्व लड़खड़ा रहा है। युद्ध और कलह स्वार्थ और वर्चस्व की वजह से हो रहे हैं। भारत ही वह शक्ति है, जो सभी को जोड़ सकती है।
दुनिया में कन्वर्ज़न जैसी समस्याएं अभी भी जारी हैं
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने आगे कहा कि, दुनिया में ऊंच-नीच, कलह और कन्वर्ज़न जैसी समस्याएं अभी भी जारी हैं। ऐसे में भारत के पास ही वह शक्ति है जो परिस्थितियों को संभाल सकती है और लोगों को जोड़ सकती है। मोहन भागवत का कहना था कि सभी को जोड़ने वाला तत्व और सारी परिस्थितियां भारत में मौजूद हैं। RSS प्रमुख ने यह भी जोर दिया कि, विश्व को जोड़ने की ताकत भारत के पास है और इसे सही दिशा में उपयोग करना आवश्यक है।
Comments (0)